मानसून हो रहा है सक्रिय : 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट
#TOPNEWS: दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार सक्रिय हो रहा है। इसके असर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 15 से अधिक राज्यों में 8 सितंबर से भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। बिहार और ओडिशा जैसे पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लेकर दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना है। दक्षिण गुजरात से उत्तर प्रदेश के मध्य भागों तक निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवात के रूप में हवा चल रही है। इन प्रणालियों के चलते ही मंगलवार से मौसम में बदलाव हो रहा है। 13 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 13 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और 10-13 सितंबर तक उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
दिल्ली के सत्य निकेतन पीजी बिल्डिंग हादसे का रेस्क्यू हुआ पूरा, कुल 7 लोगों की हुई मौत : मकान मालिक गिरफ्तार, दिल्ली हाई कोर्ट 25 सितंबर को सुनवाई करेगी.
दिल्ली के मोती बाग के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को हुए दर्दनाक इमारत गिरने की हादसे में 7 लोगों की मौत हो गयी। दर्दनाक इमारत हादसे के मामले में फरार मुख्य मकान मालिक हरिराम गुप्ता (बंसल) को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। दस्तावेजों की जांच में पाया गया है कि यह संपत्ति कानूनी रूप से उर्मिला गुप्ता के नाम पर दर्ज है। मुख्य आरोपी हरिराम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी उर्मिला और बेटे महेश को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार पति हरिराम गुप्ता भारतीय वायुसेना से रिटायर्ड सार्जेंट हैं। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर हुए दर्दनाक पांच मंजिला पीजी बिल्डिंग हादसे को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि दिल्ली में 5 मंजिल बने अवैध फ्लैट को सील किया जाय। इधर दिल्ली हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई करते हुए इस घटना से सभी संबंधित अथॉरिटीज को 10 दिन के भीतर अपना अलग-अलग जवाब यानि हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी।
झारखंड सीजीएल पेपर लीक : एसआईटी ने पटना से आरोपी राजन कुमार को किया गिरफ्तार
झारखंड सीजीएल पेपर लीक मामले में सीआईडी की एसआईटी ने पटना से आरोपी राजन कुमार को गिरफ्तार किया है। राजन पटना में कारोबार करता है और जांच में उसका नाम आया था। राजन कुमार पर आरोप है कि उसने कई परीक्षार्थियों को कोलकाता बुलाया था और वहीं उन्हें परीक्षा के प्रश्नपत्र से जुड़ी जानकारी दे दी थी। यानी परीक्षा से पहले उसने बता दिया था कि पेपर में क्या पूछा जाएगा. इतना ही नहीं, इसके बदले में राजन ने उन्हीं परीक्षार्थियों से मोटी रकम भी वसूली थी।
नेपाल त्रासदी : बाढ़ से अब तक 1356 लोगों की मौत, 5500 लापता, रेस्क्यू जारी
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के 12 दिन बाद भी 5,500 लोग लापता हैं, जबकि 1,356 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे 121 लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। आपको बता दें कि सुरंगों में हवा के लिए छोटे वेंटिलेशन सिस्टम, आराम करने के कमरे और कुछ जगहों पर रसोई भी बनी होती है। इसलिए बचाव दल अभी उम्मीद नहीं छोड़ रहा है।
पीएम मोदी आज गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा करेंगे।
#ALERT: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार 8 सितंबर 2026 को गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। दोपहर लगभग 12 बजे, प्रधानमंत्री वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे। मंगलवार की शाम को करीब 5:45 बजे प्रधानमंत्री मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे।
राहुल गांधी आज दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर पहुंचेंगे।
#ALERT: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को यहां पहुंच रहे हैं। वह अपने दौरे में जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में भाग लेकर जिले के विकास की नब्ज टटोलेंगे। पार्टी पदाधिकारियों से मिलकर संगठन के कामकाज को जानेंगे।
उत्तर प्रदेश की में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राहुल का रायबरेली का यह दौरा अहम माना जा रहा है। इस साल 19 व 20 मई को राहुल गांधी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए थे। उन्होंने आम जनता से मुलाकात कर हरचंदपुर, सदर, लालगंज व खीरों में जनसभा को संबोधित किया था।
पश्चिम बंगाल सरकार ने दुर्गा पूजा में महाअष्टमी के दिन शराब बेचने पर प्रतिबंध लगाया
#TOP NEWS TODAY: पश्चिम बंगाल में इस बार दुर्गा पूजा में महाअष्टमी के दिन शराब की सभी दुकानों और बार में शराब बेचने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मूर्ति विसर्जन के जुलूसों में DJ बजाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि दुर्गा पूजा के दौरान अष्टमी पर पहली बार शराब पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि अष्टमी के दिन, जब हम राज्य में देवी को पुष्प अर्पित करते हैं, तो सभी शराब की दुकानें, जिनमें बार भी शामिल हैं, बंद रहेंगी. ये घोषणा ऐसे समय में हुई है जब बंगाल सरकार ने आगामी दुर्गा पूजा समारोहों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं. शुभेंदु सरकार ने पूजा समितियों के लिए 1 लाख रुपये का अनुदान, मुफ्त बिजली और अनिवार्य फायर सेफ्टी लाइसेंस के शुल्क में छूट देने का ऐलान किया है।
4 राज्यों की 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर चुनाव आयोग ने उप-चुनाव की घोषणा की
4 राज्यों की 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर चुनाव आयोग ने उप-चुनाव की घोषणा की है। असम की नागांव लोकसभा सीट के साथ पश्चिम बंगाल की रेजीनगर-नंदीग्राम, तमिलनाडु की मदुरंतकम- धारापुरम और पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधान सभा सीट पर 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी। 9 अक्टूबर को नतीजों की घोषणा होगी।
पश्चिम बंगाल का नंदीग्राम विधान सभा वर्तमान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का गढ़ रहा है। यहां से 2021 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस बार के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु दो सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम से लड़े थे। दोनों ही सीटों पर सुवेंदु को जीत मिली। भवानीपुर में उन्होंने ममता बनर्जी को हराया। इस चुनाव में ममता की पार्टी टीएमसी को भी करारी हार का सामना करना पड़ा। बड़ी जीत के बाद सुवेंदु ने अपनी परंपरागत सीट नंदीग्राम छोड़ दी। जहाँ पर चुनाव होने वाले हैं।
बिहार विधान परिषद का सभापति पद जदयू को मिल सकता है ?
बिहार में एनडीए की सरकार चल रही है। नीतीश कुमार के हटने के बाद बीजेपी के सम्राट चौधरी वर्तमान में मुख्यमंत्री है। इस बीच चर्चा तेज हो गयी है कि विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को जल्द ही हटाया जायेगा। जद यू अब अपनी पार्टी से सभापति का पद चाहती है। इसके लिया जद यू के नेताओं ने लॉबिंग शुरू कर दी है। वर्तमान में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार और विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह दोनों बीजेपी से हैं। वर्तमान में विधान परिषद में बीजेपी के 25 और जदयू के 20 सदस्य हैं। इसके अलावा राजद के 15, कांग्रेस के दो, निर्दलीय सात तथा सीपीआई, सीपीएम, हम, रालोमो और लोजपा (रामविलास) के एक-एक सदस्य हैं। बिहार विधानसभा में भाजपा के 88 जबकि जदयू के 85 विधायक हैं।
दिल्ली से बाहर गुजरात में आयोजित होगा 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2026 समारोह का आयोजन अपने 72 साल के इतिहास में पहली बार नई दिल्ली से बाहर गुजरात के एकता नगर (केवडिया) में 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी। वर्ष 1954 में पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था और तब से अधिकतर पुरस्कार समारोह इसी स्थल पर हुए हैं। जुलाई में घोषित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार इस परंपरा से अलग होंगे। इस बार ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार,सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म: ‘श्रीकांत से नवाजा गया है।

