झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: जनकल्याण, आजीविका और पक्के घर का मिला उपहार

Jharkhand Foundation Day Fortnight

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत किसानों, महिलाओं और बेरोजगारों को कई तरह के उपहार दिये जा रहे हैं। बेघरों को पक्के घर के साथ ही किसानों और पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। महिलाओं के लिए आजीविका के साथ ही खेल, संस्कृति और स्वच्छता की जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

राँची ।

झारखंड राज्य अपनी स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में विकास, जनकल्याण, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आयोजित इन कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, खेल, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।

गृह प्रवेश से साकार हुआ पक्के मकान का सपना

पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। सरायकेला-खरसावां में 23 नवंबर को 76 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया। यहां 17 से 23 नवंबर तक कुल 677 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। कोडरमा में 41, जमशेदपुर के चाकुलिया सहित विभिन्न क्षेत्रों, गोड्डा में 29 तथा अन्य जिलों में भी लाभुकों को आवास की सौगात मिली। कई स्थानों पर पौधे और बधाई पत्र देकर परिवारों को सम्मानित किया गया।

किसानों और पशुपालकों को मिला प्रोत्साहन

रांची, कोडरमा, जमशेदपुर, पाकुड़ और अन्य जिलों में कृषि मेला, रबी कार्यशाला, बीज वितरण एवं पशुपालन संबंधी शिविर आयोजित किए गए। किसानों को उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, फसल बीमा और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। रांची में विभिन्न प्रखंडों में 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया। गोड्डा के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया तथा मत्स्यजीवियों एवं लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।

महिला सशक्तिकरण और आजीविका को बढ़ावा

JSLPS के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों, वित्तीय प्रबंधन और पोषण वाटिका से जोड़ा गया। जमशेदपुर के चाकुलिया में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर, किचन गार्डन किट वितरण और महिला समूहों के सम्मान समारोह भी आयोजित हुए।

खेल और संस्कृति को प्रोत्साहन

रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। इसमें पांच जिलों के करीब 600 खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, गुलेल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और पारंपरिक खेलों में भाग लिया। वहीं बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोककला एवं जनजातीय परंपराओं को प्रोत्साहित किया गया।

स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता पर जोर

जमशेदपुर के बहरागोड़ा में मिर्गी जांच शिविर में 30 नए मरीजों को परामर्श एवं दवा दी गई, जबकि 61 पुराने मरीजों की जांच की गई। सरायकेला-खरसावां में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच हुई। लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण, बाल विवाह और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। चतरा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और अन्य जिलों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम, सड़क सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्थापना दिवस पखवाड़ा के माध्यम से राज्यभर में विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।

Jetline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *