Chalo Delhi Protest : इंडिया गठबंधन ने रामलीला मैदान में चलो दिल्ली प्रोस्टेट को पूरी तरह सफल बताया और कहा कि ज्ञानेश कुमार को जेल जाना पड़ेगा। वोटरों के नाम काटकर और ईवीएम से छेड़छाड़ करके फर्जी वोटों के सहारे बनी मोदी सरकार को अब लोकतंत्र की ताकत के सामने झुकना होगा और जाना पड़ेगा।
दिल्ली में रविवार का दिन काफी गहमा-गहमी का रहा। इंडिया गठबंधन की ओर से चलाया गया रामलीला मैदान में चलो दिल्ली प्रोस्टेट को लेकर कांग्रेस और बीजेपी में वार-पलटवार देखने को मिला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दावा किया कि लाखों की तादाद में लोग यहां सुबह 9 बजे से ही लोग अपनी सीटों पर बैठ गए थे। राहुल गांधी ने कहा कि हम ऐसा ही भारत चाहते हैं, जहां अगर कोई किसान कड़ी मेहनत करता है तो उसे उसका फल मिलना चाहिए।
ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे: राहुल गांधी
Chalo Delhi Protest : राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे। यह कोई आम चोरी नहीं है, यह भारत के प्रत्येक नागरिक के हक की चोरी है और इसे देशद्रोह कहते हैं। ज्ञानेश कुमार के बिना न मोदी प्रधानमंत्री बनते और न ही अमित शाह गृह मंत्री बनते। इन लोगों ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। पीएम मोदी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं, मैं आपसे इसके उलट कह रहा हूं कि नरेंद्र मोदी कहीं जा ही नहीं सकते। अगर वह जाना भी चाहें तो हम उन्हें जाने नहीं देंगे। ज्ञानेश कुमार के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई छात्र 18 घंटे पढ़ाई करता है तो उसे रोजगार मिलना चाहिए।
ज्ञानेश कुमार के बाद पीएम मोदी के खिलाफ होगी कार्रवाई: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि 2024 के चुनावों के बाद मतदाता सूची से 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए। यानी 2024 के चुनावों के बाद भारत के हर सात में से एक मतदाता (15% मतदाताओं )का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया, जबकि 2024 में NDA और हमारे (UPA) बीच केवल 3 फीसदी का अंतर था। इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव गैर-कानूनी था। इसके लिए ज्ञानेश कुमार के बाद पीएम मोदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोदी लोगों में फूट डालने की कोशिश कर रहे -खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी लोगों में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं। हमलोग एक होकर लड़ेंगे, मोदी को हटाएंगे। उन्होंने कहा कि हमलोग मोदी को हटाएंगे और लोकतंत्र बचाएंगे। मोदी एजेंसियों के माध्यम से हमें डरा रहे हैं और इन एजेंसियों से हम डरने वाले नहीं। खड़गे ने कहा कि मोदी, शाह ने वोट छीनने की कोशिश की है और उनका साथ ज्ञानेश कुमार ने दिया है अब हमलोग ज्ञानेश कुमार को भागकर रहेंगे।
रामलीला मैदान से बदलाव का ही संदेश जाएगा- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी बताते हुए कहा कि यहां से बदलाव का संदेश जाएगा। यह शुरुआत यूपी से होगी। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं कि हम दुनिया में सबसे आगे हैं, विश्वगुरु हैं- वो वोटर लिस्ट में हेरफेर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के सवा करोड़ वोटरों के नाम कटने के दावे को अगर 403 विधानसभा सीटों से बांटा जाए तो हर सीट पर 31,000 वोट कम हुए हैं। जब उनको अपनी हार दिखने लगी तब वो वोट कटने की बात कर रहे हैं।
ज्ञानेश कुमार अब वैनिश कुमार हैं – ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने ज्ञानेश कुमार पर टिप्पणी करते हुए उन्हें वैनिश कुमार के कहा। उन्होंने आरोप लगाया है कि ज्ञानेश कुमार ने बंगाल में 1 करोड़ से ज्यादा वोट काट दिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव एसआईआर की परिस्थितियों का शिकार हुआ है, लेकिन हम छोड़ेंगे नहीं, हम अपनी जिंदगी दे देंगे, हम लड़ेंगे, हम छोड़ेंगे नहीं। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने वहां पश्चिम बंगाल को लूट लिया, तो हम दिल्ली से लूट नहीं करेंगे, हम लोकतंत्र को बचाएंगे, लोकतंत्र को वापस ले आएंगे।
बिहार-बंगाल के चुनाव फर्जी थे: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘बिहार और बंगाल में जो चुनाव हुए हैं, वे फर्जी थे। जब MLC के चुनाव बैलेट पर हो रहे हैं तो वहां इनका भांडा फूट रहा है। देश की जनता चाहती है कि इनको सबक सिखाया जाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।
चुनाव को अवैध घोषित नहीं कर सकते: संबित पात्रा
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी 2024 के चुनाव को अवैध कह रहे हैं, और इसके लिए ज्ञानेश कुमार को दोषी कह रहे हैं, लेकिन 2024 के चुनाव के समय तो ज्ञानेश कुमार वहां थे ही नहीं। वे 2025 में चुनाव आयुक्त बने। अगर 2024 का चुनाव अवैध था, तो राहुल गांधी भी अवैध नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके सभी सांसद भी अवैध हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई चुनाव अवैध है तो उसे कोर्ट में चुनौती दें। ढाई साल बाद विपक्ष रामलीला मैदान में खड़े होकर किसी चुनाव को अवैध घोषित नहीं कर सकता। रामलीला मैदान की रैली को इंडिया गठबंधन का फ्लॉप शो करार देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि वे 10 लाख लोग कहां थे? हमें दिखाएं। वहां सिर्फ 28 हजार कुर्सियां लगी थी और रामलीला मैदान का बड़ा हिस्सा खाली था। इतने सारे दलों और झंडों को एक साथ लाने के बावजूद वे 10 लाख लोगों को इकट्ठा नहीं कर पाए।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान की रैली पर अपने विचार व्यक्त करते हुए X पोस्ट किया कि हारे हुए लोग अपनी निराशा में देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। इसी तरह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि यह रैली कांग्रेस के राजनीतिक पतन के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।
(दिल्ली-डॉ. निशा सिंह)






