बिहार बिजनेस कनेक्ट फरवरी 2027 में होगा आयोजित, 2 लाख करोड़ रूपये का आया निवेश प्रस्ताव – सम्राट

Bihar Business Connect 2027

 

फरवरी 2027 में होने वाले बिहार बिजनेस कनेक्ट के लिए राज्य सरकार उद्योगों के लिए 20 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की तैयारी रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार फाउंडेशन की नई वेबसाइट एवं बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल का शुभारंभ भी कर दिया है।

बिहार को बिजनेस का हब बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रवासी बिहारियों से अपील की है कि वे अपने ज्ञान, कौशल, अनुभव एवं संसाधनों से बिहार के विकास को नई गति दें। 17 और 18 फरवरी 2027 में होने वाले बिहार बिजनेस कनेक्ट के लिए अब तक 2 लाख करोड़ रूपये का निवेश प्रस्ताव भी आ चुका है। मुख्यमंत्री ने हम सभी बिहारियों का दायित्व है कि बिहार को समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें। हमारी कर्मभूमि चाहे कहीं भी हो, लेकिन अपनी जन्मभूमि को संवारना भी हमारा ही दायित्व है। बिहार के गौरवशाली इतिहास और प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित करना है।

बिहार है तैयार !

बिहार बिजनेस कनेक्ट फरवरी 2027 : मुख्यमंत्री सह बिहार फाउंडेशन के संरक्षक सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में बिहार फाउंडेशन की नव निर्मित वेबसाइट एवं बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके साथ ही ‘बिहार है तैयार’ कार्यक्रम की शुरुआत भी की गई। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश-विदेश से बिहार फाउंडेशन के सभी 55 चैप्टरों के प्रतिनिधि जुड़े हुये थे। बिहार फाउंडेशन के यू०एस०ए० के न्यूयॉर्क चैप्टर से प्रतिनिधि आलोक कुमार, टेक्सास चैप्टर से प्रतिनिधि प्रिंस जी, थाईलैंड चैप्टर से अमित कुमार, जापान चैप्टर से आनंद जी, ऑस्ट्रेलिया चैप्टर से पुष्कर जी, मॉस्को चैप्टर से डॉ० श्वेता सिंह, जर्मनी चैप्टर से प्रकाश शर्मा, घाना चैप्टर से अमृता पांडे, युगांडा चैप्टर से रघुनाथ प्रसाद तथा भारत के अहमदाबाद चैप्टर से दुर्गा दत्त ने मुख्यमंत्री से संवाद किया। संवाद के दौरान प्रतिनिधियों ने बिहार में हो रहे बदलाव की तारीफ की और अपने-अपने देश में बिहार की बदलती छवि की चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार फाउंडेशन में कुल 55 चैप्टर कार्यरत हैं, जिनमें 31 अंतर्राष्ट्रीय एवं 24 राष्ट्रीय चैप्टर शामिल हैं। आनेवाले समय में इसको और बढ़ाने के लक्ष्य पर हमलोग काम करेंगे।

कार्यक्रम का लक्ष्य क्या है ?

बिहार फाउंडेशन के लक्ष्यों को स्पष्ट करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि इसका देश-विदेश में रह रहे बिहार मूल के लोगों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना तथा उनके अनुभव, ज्ञान, कौशल एवं संसाधनों का उपयोग बिहार के विकास में करना है। बिहार फाउंडेशन के कार्य मुख्य रूप से तीन स्तंभों-बॉन्डिंग (जुड़ाव), ब्रांडिंग (पहचान) एवं बिजनेस (व्यापार एवं निवेश) पर आधारित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना के विकास का कार्य काफी तेजी से चल रहा है। बिहटा में ड्राई पोर्ट शुरू हो चुका है। पटना, दरभंगा और गया जी से अधिक से अधिक अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू हों, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नदियों में गाद की समस्याओं के समाधान तथा उनके समुचित प्रबंधन के लिए गाद नीति लायी गयी है। उन्होंने कहा कि बिहार के मंत्री एवं अधिकारी विभिन्न देशों का दौरा करेंगे, ताकि वहां उपलब्ध तकनीक, निवेश एवं विकास के बेहतर अवसरों को बिहार से जोड़ा जा सके। बिहार के डॉक्टरों को भी एक मंच पर लाने के उद्देश्य से राज्य में बिहारी डॉक्टरों का एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में टाउनशिप को विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है, इससे विकास के साथ-साथ राजस्व के नए स्रोत भी तैयार होंगे। राज्य में उद्योग को बढ़ाने के लिये नई पॉलिसी लायी गयी है। इको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभिन्न परियोजनाओं को पी०पी०पी० मोड पर विकसित करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों की स्थापना के लिए अगले कुछ महीनों में 20 हजार एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है। राज्य में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव आये हैं और इस दिशा में एम०ओ०यू० भी किए जा रहे हैं। यह बिहार की बदलती औद्योगिक तस्वीर और निवेश की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में यहां के लोगों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिहार फाउंडेशन के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे बिहारियों को एकजुट कर राज्य की आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रगति में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जा सकती है। बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 इस दिशा में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Jetline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *