पटना : बिहार के चुनाव मौसम में भोजपुरी एक्टर पवन सिंह छाये हुए हैं। बिहार के आरा से बीजेपी से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे भोजपुरी एक्टर पवन सिंह के खिलाफ पारिवारिक विवाद को उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने सड़क पर ला दिया है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच आज ज्योति सिंह पटना पहुंची और जन सूराज पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर से मिलीं। इसके बाद प्रशांत किशोर और ज्योति सिंह मीडिया के सामने आये। प्रशांत किशोर के कहा कि पारिवारिक विवाद में मैं कुछ नहीं बोलूंगा। लेकिन एक बात साफ है कि ज्योति सिंह अपनी समस्याओं को लकेर मिलने आयीं थी। राजनीति या टिकट लेने या देने पर कोई बात नहीं हुई है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव लड़ने की ज्योति सिंह ने कोई बात नहीं की। इनके शब्दों में इनके साथ जो अन्याय हो रहा है- वो बिहार की दूसरी महिलाओं के साथ ना हो- ये हमारी पार्टी से मदद चाहती है कि जन सुराज उनके साथ खड़ा हो। प्रशांत किशोर ने कहा कि पारिवारिक मामलों में जन सूराज की भूमिका ना थी और ना होगी, लेकिन सुरक्षा को लेकर भय है तो हम आपके (ज्योति सिंह) साथ हैं।
ज्योति सिंह ने कहा कि यहां चुनाव लड़ने या टिकट के लिए नहीं आई थी, बल्कि तमाम महिलाओं की आवाज बनने आई थी, जिनके साथ अन्याय हुआ है। आपको बता दें कि पवन सिंह का पत्नी ज्योति सिंह से तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। इसी बीच ज्योति सिंह पिछले दिनों लखनऊ में पवन सिंह के घर पहुंची थीं। यहाँ पर अपने साथ हो रहे उत्पीड़न को सोशल मीडिया के माध्यम से उठाया था। पवन सिंह ने तब कहा था कि ज्योति सिंह मुझ पर चुनाव में टिकट दिलवाने का दवाब डाल रही है। कयास ये लगाए जा रहे हैं, ज्योति सिंह पवन सिंह के चुनाव वाले क्षेत्र में किसी पार्टी से टिकट चाहती है। अगर टिकट नहीं मिला तो वो जन सुराज के प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेगी। उत्तर प्रदेश के बलिया की ज्योति सिंह, पिछले 4 साल से अपने पति पवन सिंह से अलग रह रही है। पवन सिंह ने तलाक का केस बिहार के आरा में दायर कर रखा है। इस केस की सुनवाई अभी चल रही है।

