दिल्ली : डॉ निशा सिंह
बिहार में बनेगी नई सरकार: नीतीश कुमार को लेकर बिहार की राजनीति में बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक 14 अप्रैल को नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा होगा। इसके बाद जबकि 15 अप्रैल को नई सरकार के गठन कि प्रक्रिया शुरू होगी।
मुख्यमंत्री अब कौन होंगे , इसका एलान अभी नहीं हुआ है। अभी तक सम्राट चौधरी इस रेस में आगे चल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक 18 से पहले नए मुख्यमंत्री के शपथ ले सकते हैं।
नीतीश कुमार 16 मार्च को को राज्यसभा का सदस्य निर्वाचित हुए थे।संवैधानिक प्राविधानों के अनुसार राज्यसभा का सदस्य चुने जाने के बाद उन्हें अगले 14 दिनों के अंदर इस्तीफा देना था। नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेंगें। इसके पहले 9 अप्रैल को वे पटना से दिल्ली पहुंचेंगे। यहाँ पर पी एम मोदी और अमित शाह से मुलाकात करेंगें। सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात में ही फाइनल होगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होंगे। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चौथा कार्यकाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसी महीने आरंभ करेंगे। राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद 11 अप्रैल को वे पटना लौट जाएंगे। इसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया होगी। 11 अप्रैल को नीतीश कुमार के पटना लौटने पर एनडीए विधानमंडल दल की बैठक की संभावना भी है। इसमें वे पद छोड़ने की जानकारी देंगे। इसके बाद सीएम पद से इस्तीफा का पत्र राज्यपाल को सौंपेंगे।
इसी बीच जानकरी आ रही है कि राज्यसभा के लिए 10 अप्रैल को केवल नीतीश कुमार ही शपथ लेंगे। बिहार से निर्वाचित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर व राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का शपथ 16 अप्रैल को होगा।
10 अप्रैल को दिल्ली में बिहार भाजपा की अहम बैठक होगी। इसमें पीएम नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना है।
इसमें औपचारिक रूप से बिहार बीजेपी प्रदेश कोर कमेटी से मुख्यमंत्री का नाम मांगा जा सकता है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में बैठक होगी। इसमें बीजेपी के शीर्ष केंद्रीय नेताओं के अलावा बिहार के नेता भी शामिल होंगे। इस मीटिंग में बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, डिप्टी सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा मौजूद रहेंगे। इनके अलावा नित्यानंद राय, संजय जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया भी रहेंगे। बैठक में चर्चा के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व आगे का फैसला लेगा।
एनडीए सूत्रों के अनुसार, 13 अप्रैल को एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर विधिवत मुहर लग जाएगी। इस दौरान भाजपा के कई दिग्गज भी मौजूद रहेंगे। उसी दिन एनडीए के नए विधायक दल के नेता राज्यपाल को अपनी सरकार बनाने का दावा भी पेश करेंगे।

