डॉ. निशा सिंह
NHAI New law: delhi mundka toll plaza cross without vehicle insurance you receive sms-alert and fine 10000.
आपके काम की बातें : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाल के दिनों में कई नई और महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं लागू की हैं। इंश्योरेंस या पॉल्यूशन सर्टिफिकेट एक्सपायर है या नहीं, इसपर शायद ही लोग मुस्तैदी से नजर रखें। अगर आप यह गलती करते हैं तो सावधान हो जाएं। ऐसा इसलिए क्योंकि अब आपकी यह लापरवाही नेशनल हाइवे पर सफर के दौरान भारी पड़ सकती है। NHAI का उदेश्य है कि टोल प्लाजा से गुजरने वाले ऐसे वाहनों की पहचान करना जिनका थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस समाप्त हो चुका है। अगर आपने गाड़ी का इंश्योरेंस नहीं कराया है या खत्म हो गया है और आप टोल प्लाजा से गुजरते हैं तो आपको अब बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। अब बिना इंश्योरेंस कराए अगर आपकी गाड़ी टोल प्लाजा से गुजरती है तो NHAI के नई व्यवस्था के तहत इसकी पहचान तुरंत हो सकती है। इसके साथ गाड़ी पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। एनएचएआई यानी नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एक ऐसी हाईटेक व्यवस्था शुरू कर दी है जिसके तहत टोल प्लाजा पार करते ही चंद मिनटों में आपके मोबाइल पर एक मैसेज आएगा। सिस्टम कार का नंबर रीड करते ही सीधे डेटाबेस से आपकी सारी जानकारी निकाल लेगा। अगर इंश्योरेंस पॉलिसी एक्सपायर निकली तो तुरंत आपको एसएसएस आएगा और चालान कटने की कार्रवाई शुरू हो जाएगा।
NHAI ने दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर एक नया पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया
बीमा नियमों का सख्ती से पालन कराने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए NHAI ने दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर एक नया पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसके जरिए थर्ड पार्टी एक्सपायरी इंश्योरेंस वाले वाहनों की पहचान की जा रही है।
जानिए कैसे काम करता है NHAI का नया सिस्टम?
NHAI की व्यवस्था के तहत जैसे ही कोई भी वाहन बिना वैध बीमा के टोल प्लाजा पार करता है, एनएचएआई का ऑटोमैटिक सिस्टम उसकी पहचान कर लेता है। इसके कुछ ही मिनटों के बाद वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक SMS अलर्ट भेज दिया जाता है। इस मैसेज के जरिए गाड़ी की पॉलिसी तुरंत रिन्यू कराने की सलाह दी जाती है। इसके साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट (Motor Vehicles Act) के प्रावधानों के तहत भारी जुर्माने की चेतावनी भी दी जाती है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर कुल 1,087 टोल प्लाजा (यूजर-फी प्लाजा) कार्यरत
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में देश भर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर कुल 1,087 टोल प्लाजा (यूजर-फी प्लाजा) कार्यरत हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग की लंबाई के बारे में बता दें कि ये 1,087 टोल प्लाजा देश के लगभग 1.5 लाख किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का हिस्सा हैं। इनमें से करीब 45,000 किलोमीटर के हिस्से पर टोल वसूला जाता है। पिछले कुछ वर्षों (विशेषकर 2020 से 2024 के बीच) में इनमें तेजी से वृद्धि हुई है और इस दौरान लगभग 457 नए टोल प्लाजा बनाए गए हैं। अगर इसमें राज्य राजमार्गों (State Highways), एक्सप्रेसवे और शहर के टोल पॉइंट्स को भी शामिल किया जाए, तो देश में टोल बूथों की संख्या 3,000 से भी अधिक हो जाती है।
नियमों के उल्लंघन पर 10000 का जुर्माना
आपको बता दें कि मोटर वाहन अधिनियम के नियमों के अनुसार, वैध बीमा के बिना गाड़ी चलाना कानूनी अपराध है. पहली बार बिना बीमा के पकड़े जाने पर 2000 रुपये तक का जुर्माना हो सकता है, जबकि दोबारा पकड़े जाने पर यह जुर्माना बढ़कर 10000 रुपये तक पहुंच सकता है। इसके अलावा न्यायालय के माध्यम से कानूनी कार्रवाई और वाहन जब्ती का सामना भी करना पड़ सकता है।
NHAI का नया नियम क्यों आया ?
NHAI की नई पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क पर चलने वाले हर वाहन के पास अनिवार्य तीसरे पक्ष (Third-Party) का बीमा होना सुनिश्चित करना है, ताकि सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को समय पर राहत और मुआवजा मिल सके। इस सफल परीक्षण के बाद आने वाले समय में इसे देश के अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा पर भी लागू किए जाने की संभावना है।






