दिल्ली : किशोर कुमार सिंह
BJP chief Nitin Nabin and Delhi Chief Minister Rekha Gupta inaugurated an 11-km Chhath Puja ghat along the Munak Canal in Shalimar Bagh, with changing rooms, toilets, lighting and other facilities for devotees
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को दिल्ली के शालीमार में मुनक नहर के दोनों किनारों पर बने 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट का उद्घाटन किया। यह ऐतिहासिक कार्य केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुशासन के कारण ही संभव हो सका है। इस विकास कार्य की सबसे बड़ी उपलब्धि उस क्षेत्र का पूरी तरह से कायाकल्प करना है, जो वर्षों से पिछली सरकारों की घोर उपेक्षा का शिकार था। श्रद्धालुओं की अपार आस्था का सम्मान करते हुए, मुनक नहर के किनारे इस नए बुनियादी ढांचे का निर्माण मात्र 12 महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है।
https://x.com/NitinNabin/status/2120911573032341713
भाजपा सरकार के प्रयासों से तैयार यह विशाल घाट लाखों व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए एकदम स्वच्छ और निरंतर बहता हुआ जल उपलब्ध कराएगा। यह भव्य परियोजना छठ पूजा के महान सांस्कृतिक महत्व और हमारी प्राचीन परंपराओं को सहेजने के प्रति भाजपा सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का जीता-जागता प्रमाण है। इस अवसर पर श्री नवीन ने यमुना की पूर्ण सफाई और पवित्रता बहाल करने के पार्टी के महासंकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। भाजपा सरकार का लक्ष्य दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता सहित दिल्ली सरकार के मंत्री एवं विधायकगण उपस्थित रहे।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पूरे संकल्प के साथ संघर्ष किया है। आज हम यहां इस महापर्व की शुरुआत के अवसर पर उपस्थित हुए हैं। हमारी सरकार भी इसी सेवा भाव से काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हमेशा कहते हैं कि भाजपा का कार्यकर्ता समाज की सेवा के भाव से काम करता है। मुझे विश्वास है कि दिल्ली सरकार और उसकी पूरी टीम को जनता का इतना आशीर्वाद मिलेगा कि दिल्ली के लोग भी खुशहाल होंगे और दिल्ली की सरकार भी खुशहाल होगी। जब मैं घाट के किनारे गया, तो मेरे मन में इस पर्व की पवित्रता का विचार आया। हम मानते हैं कि ये चार दिन हमें सही ढंग से जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। हम इसे अपने पिता के प्रति श्रद्धा और एक पवित्र अनुष्ठान के रूप में देखते हैं। छठ पूजा का यह अनुष्ठान पूरे वर्ष प्रकृति की उपासना करने की हमारी परंपरा का हिस्सा है। इस दौरान हम उगते और डूबते, दोनों सूर्य की उपासना करते हैं। साथ ही, प्रकृति की उन शक्तियों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हैं, जो हमारे जीवन और परिवार के लिए महत्वपूर्ण हैं। हमारे किसान भाई-बहन खेतों में फसल उगाते हैं और इस समय नई फसल पूजा में अर्पित करने के लिए उपलब्ध होती है। ताजे फल और अनाज के माध्यम से हम इस पर्व पर प्रकृति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज सभी लोगों ने जिस आत्मीयता और मिथिला की परंपराओं के साथ मेरा स्वागत किया है, उसके लिए मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मिथिला की संस्कृति और परंपराओं को हर कोई समझ नहीं सकता। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने स्वच्छता मिशन को पूरे देश में पहुंचाया और स्वच्छता के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ा। मुझे भी बिहार में नगर विकास मंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला था। उस दौरान मैंने देखा कि किस प्रकार स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वच्छ वातावरण बनाने के प्रयास किए जाते हैं। मैं केवल दिल्लीवासियों से ही नहीं, बल्कि अपने सभी लोगों से कहना चाहता हूं कि यदि हम छठी मैया की उपासना करते हैं, तो हमें पूरे साल अपने जीवन में स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखनी चाहिए। इससे हम आने वाले समय में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के स्वच्छ और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा सकेंगे। छठी मैया का आशीर्वाद लेकर हमें अपने देश को स्वच्छ, सुंदर और पवित्र बनाए रखना है।
श्री नवीन ने कहा कि आज के इस अवसर पर मैं 11 किलोमीटर के क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों को बधाई देता हूं। हमारे लिए यह पर्व संकल्प के साथ-साथ विश्वास का भी प्रतीक है। यह समाज में एकता, सामूहिकता और पारिवारिक मूल्यों का परिचय देता है। पूरा परिवार एक साथ इस पर्व में शामिल होता है और सभी भेदभाव मिट जाते हैं। यही हमारी संस्कृति और परंपरा की विशेषता है। छठ पूजा पूरे देश को एक सूत्र में बांधती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने छट पूजा को विशेष महत्व दिया है। पूरे देश में इस पर्व को जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है, वह हमारी सांस्कृतिक एकता का परिचायक है। पिछले 20 महीनों में हमने देखा है कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता भी इसी श्रद्धा और प्रेम के साथ इस पर्व को मनाती हैं। भाजपा का कार्यकर्ता इसी सेवा भाव से काम करता है। वह समाज के हर वर्ग के साथ खड़ा रहता है और सभी के कल्याण के लिए काम करता है। मुझे बहुत खुशी है कि मुझे इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। मेरी भी यहां आने की इच्छा थी। मुझे विश्वास था कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी और पूर्वांचल के लोगों को भाजपा से जुड़ने से कोई नहीं रोक पाएगा। बिहार और पूर्वांचल के लोग देश के अलग-अलग राज्यों के विकास में अपना योगदान देते हैं और भाजपा सरकार ने उन्हें भी सम्मान दिया है।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि एक समय था, जब भारतीय सनातन परंपराओं, पूजा पद्धतियों और संस्कृति पर सवाल उठाए जाते थे। यहां तो कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर दिए थे। गंगा मैया और यमुना मैया उनके लिए केवल नदियों का पानी हैं, लेकिन हमारे लिए ये पूजा और आराधना का विषय हैं। इन नदियों की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना हमारा संकल्प है। हमने उस ईश्वर के प्रति भी यह संकल्प लिया है, जो हमें अपना आशीर्वाद देता है। मैं सभी को विश्वास दिलाता हूं कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के निर्देश पर यमुना की सफाई के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं। हम बहुत जल्द यमुना को स्वच्छ और पवित्र बनाने में सफल होंगे। यदि हम यमुना को स्वच्छ और पवित्र नहीं बनाएंगे, तो छठी मैया की उपासना का हमारा संकल्प भी अधूरा रहेगा। मैं दिल्ली सरकार और उसके सभी मंत्रियों को बधाई देता हूं कि वे छोटे-बड़े हर काम और अपनी प्रत्येक गतिविधि को जनता से जोड़कर कर रहे हैं। मैंने देखा है कि सरकार महिलाओं के लिए अलग बस सेवा सहित परिवहन की विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। पांच रुपये में अटल कैंटीन के माध्यम से भोजन दे रही है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के प्रयास कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की सरकारों में नेता अपने लिए संपत्ति बनाने का काम करते थे। गरीब जनता से टैक्स के रूप में सरकार को जो पैसा मिलता था, उसका इस्तेमाल जनता की भलाई के बजाय अपने शीशमहल बनाने और अपनी बीमारियों का इलाज कराने में किया जाता था। आज दिल्ली में भाजपा की सरकार ने सही मायनों में जनता की सेवा का काम किया है। जनता के एक वोट के आशीर्वाद से आज लोगों को आयुष्मान भारत योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी वोट के अधिकार ने आज लोगों के लिए अटल कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराई है। यही हमारी सरकार की कार्यशैली और सेवा का भाव है। हमारी सरकार ने 2025 में आपसे जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। लोग पूछते हैं कि डबल इंजन की सरकार का फायदा क्या होता है? इसका फायदा यही है कि हरियाणा से पानी दिल्ली पहुंचता है और दिल्ली के लोग छठी मैया की पूजा करते हैं। यही डबल इंजन की सरकार का अंतर है।
श्री नवीन ने कहा कि आज देश के 22 राज्यों में हमारी सरकारें हैं और सभी राज्य सरकारें एक टीम के रूप में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के विकास के लिए काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हमें 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दिया है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बिल्कुल सही कहा कि हम विकास के साथ-साथ अपनी विरासत को भी आगे बढ़ा रहे हैं। यानी देश में विकास भी होगा और हमारी सांस्कृतिक विरासत भी आगे बढ़ेगी। मुझे बहुत खुशी है कि छठ पर्व से एक दिन पहले पूर्वांचल के अपने लोगों के बीच आने का अवसर मिला। मैं यहां से सभी का संदेश लेकर जाऊंगा और बिहार के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल के लोगों से कहूंगा कि हमारे भाई-बहन देश के जिस भी हिस्से में रहते हैं, वहां भाजपा की सरकार उनकी आस्था और परंपराओं का पूरा सम्मान करती है। उनकी पूजा-पाठ और विधि-विधान में भाजपा सरकार उनके साथ खड़ी रहती है।






