पटना : विशेष संवावदाता
Star campaigners election rally in Bihar for 2nd phase of Bihar assembly election 2025:
बिहार विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज से स्टार प्रचारकों की धुआंधार चुनावी रैली होगी। आज बिहार में योगी, राजनाथ,नीतीश, प्रियंका गाँधी की रैली होगी।
एनडीए की रैली आज कहाँ होगी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज बांका, जमुई, सिकंदरा, गुरुआ विधान सभा क्षेत्र में रैली को सम्बोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ की रैली गया के वजीरगंज और सासाराम में होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीमांचल के इलाके किशनगंज, अररिया के रानीगंज, पूर्णिया के भवानीपुर, कटिहार के हसनगंज में कुल 4 जनसभा को सम्बोधित करेंगे। सीएम सम्राट चौधरी की अररिया के फारबिसगंज में रैली होगी। असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा की पश्चिम चंपारण के रामनगर और चनपटिया, सीतामढ़ी के बाजपट्टी में जनसभा होगी।
महागठबंधन की आज कहाँ होगी रैली
प्रियंका गाँधी वाल्मीकिनगर और चनपटिया में रैली को सम्बोधित करेंगी। तेजस्वी यादव-मुकेश सहनी की बेतिया के लौरिया और रामनगर, नरकटियागंज, पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि और केसरिया, कल्याणपुर, मोतिहारी नरकटिया ढाका, चिरैया और मधुबन, शिवहर, सीतामढ़ी के परिहार, सुरसंड, बाजपट्टी डुमरा, बेलसंड और रुन्नीसैदपुर में कुल 16 जनसभा होगी।
पहले चरण की 121 सीटों पर प्रचार 4 नवंबर की शाम थम गया
बिहार विधान सभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों पर प्रचार 4 नवंबर की शाम थम गया। पहले चरण में 18 जिले की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें 102 सामान्य और 19 अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीटों पर मतदान होना है। इसके बाद प्रत्याशियों के पास स्थानीय समर्थकों के साथ मात्र 24 घंटे का समय घर-घर जाकर मतदाताओं के मनुहार का समय शेष रहेगा। पहले चरण में 121 सीटों के लिए कुल 3,75,13,302 मतदाता वोटिंग लिस्ट में हैं। 1,314 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला होगा। पहले चरण में कुल 1314 प्रत्याशियों में 122 महिलाएं और 1192 पुरुष प्रत्याशी हैं। पहले चरण की वोटिंग के लिए कुल प्रदेश में 45,341 बूथ स्थापित किए गए हैं। पहले चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और तेजस्वी यादव जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं।
पहले फेज में 6 नवम्बर को 18 जिलों में इन 121 सीटों पर होंगे मतदान:
पहले चरण में गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, खगड़िया, बेगुसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर यानी 18 जिलों में वोटिंग होगी।
दूसरे फेज में कुल 20 जिलों में इन 122 सीटों पर मतदान:
दूसरे फेज में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया,कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद,अरवल, रोहतास, कैमूर यानी कुल 20 जिलों में मतदान होगा।
2020 में कैसे रहे थे नतीजे?
2020 के विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच में था। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 125 सीटें जीतीं थीं। इनमें सबसे ज्यादा 74 सीटें भाजपा के खाते में गई थीं। जदयू को 43, वीआईपी और हम को 4-4 सीट पर सफलता मिली थी। राज्य की 110 सीटें महागठबंधन के खाते में गई थीं। 75 सीटें जीतकर राजद राज्य की सबसे बड़ा दल बना था। इसके साथ ही कांग्रेस को 19, वामदलों को 16 सीट पर जीत मिली थी। इनमें 12 सीटें भाकपा (माले) और दो-दो सीटें भाकपा और माकपा के खाते में गईं थी। अन्य दलों की बात करें तो एआईएमआईएम ने पांच, बसपा, लोजपा और निर्दलीय को एक-एक सीट पर जीत मिली थी।

