पटना : जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू ने आज अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 44 प्रत्याशियों के नाम शामिल किए गए हैं। पार्टी ने सोशल इंजीनियरिंग को फिर से केंद्र में रखते हुए सूची तैयार की है। पिछड़ा, अति पिछड़ा और सवर्ण वोट बैंक के बीच संतुलन बनाकर टिकट बांटे गए हैं। पार्टी का फोकस इस बार उन ग्रामीण क्षेत्रों और सीटों पर है जहां 2020 में जदयू को मामूली अंतर से हार हुई थी ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस सूची में कई नए नाम जोड़े गए हैं जबकि कुछ पुराने विधायकों को भी इस बार टिकट नहीं मिला है। महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए पार्टी ने कुछ सीटों पर महिला उम्मीदवारों को भी मौका दिया है । आपको बता दें कि इससे पहले जारी पहली सूची में 57 उम्मीदवारों को जगह दी गई थी और अब 44 प्रत्याशियों को मिलाकर जदयू ने लगभग 101 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
नये चेहरे और पुराने समीकरण का रखा गया ध्यान
इस 44 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में सामाजिक समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है। पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और सवर्ण समाज से संतुलित प्रतिनिधित्व के अलावा महिला उम्मीदवारों को भी जगह दिया गया है। इसमें कई नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि कुछ पुराने दिग्गज नेता इस बार टिकट से वंचित रह गये हैं। जदयू ने एनडीए के साथ गठबंधन में अपनी सीटों का सही तालमेल किया है, जहां बीजेपी भी 101 सीटों पर प्रत्याशी उतार रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय पर चुनावों में प्रचार करने के लिए अब तैयारी कर रही है।
दो दिन पहले जनता दल यूनाइटेड ने पहले चरण में 57 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। आज दूसरी लिस्ट में 44 प्रत्याशियों के नाम का एलान किया गया है। यानि अब तक जद यू ने कुल 101 सीटें पर अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। जदयू को एनडीए गठबंधन में 101 सीटें दी गई है। जद यू ने अपनी दूसरी लिस्ट में बड़बोले नेता अजय मंडल को गोपालपुर से टिकट नहीं दिया। मुंगेर के गोपालपुर सीट से बुलो मंडल को टिकट दिया है। बुलो मंडल राजद से जद यू में लौटे थे। सीएम नीतीश कुमार के पटना आवास के गेट पर पूर्व विधायक बाहुवली नेता गोपाल मंडल टिकट के लिए धरना पर बैठ गए थे। मंत्री लेसी सिंह को धमदाहा से दुबारा मौका दिया गया है। जहानाबाद से लोकसभा चुनाव 2024 में हारे चंदेश्वर प्रसाद को फिर से जहानाबाद से टिकट दिया है। चंदेश्वर प्रसाद, नीतीश कुमार के कोर ग्रुप में हैं और पूर्व सांसद भी हैं। बाहुबली नेता आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद को औरंगाबाद के नवीनगर सीट से टिकट मिला है। चेतन आनंद राजद से शिवहर से विधायक थे, पिछले वर्ष राजद छोड़कर जदयू में शामिल हो गए थे। शिला मंडल को फुलपरास सीट पर फिर से टिकट मिला है। पूर्व मंत्री स्वर्गीय नरेंद्र सिंह के बेटे पूर्व मंत्री सुमित सिंह को चकाई सीट से टिकट मिला है।
इस दफे दूसरी लिस्ट में जद यू ने 4 मुस्लिम को टिकट दिया है। अररिया, जोकीहार अमौर, चैनपुर से मुस्लिम उम्मीदार को उतारा गया है। पहली जारी लिस्ट में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार मुस्लिम नहीं था।

