लखनऊ : विक्रम राव
सीएम योगी ने कहा कि बरेली हिंसा पर सख्त कार्रवाई हो रही है। किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा। इस घटना के आरोपी मौलाना भूल गया था कि यूपी में किसका शासन है। जो जिस भाषा में समझता है, उसे उसी की भाषा में समझाया गया।
हमने साफ कहा है कि अब ना सड़क पर जाम लगेगा, ना शहर में कर्फ्यू। लखनऊ स्थित होटल ताज में शनिवार को ‘विकसित उत्तर प्रदेश विजन 2047’ के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बरेली में वह आरोपी मौलाना भूल गया कि शासन किसका है। कहता था, धमकी देंगे कि हम शहर जाम कर देंगे। हमने कहा ना तो जाम होगा… ना ही कर्फ्यू लगेगा। बल्कि, ऐसा सबक सिखाएंगे की आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। 2017 से पहले यही होता था। लेकिन, अब हमने ऐसे बैरियर को लागू किया है, जिससे चुन-चुन करके ऐसे लोगों को सबक सिखाया। वह जिस भाषा में समझना चाहते थे, उस भाषा में उन्हें समझाया गया है। यह वही उत्तर प्रदेश है, जो पहले बीमारू था.दंगाइयों की आवभगत होती थी और पेशेवर अपराधी व माफियाओं के सामने सत्ता सैल्यूट करती थी.
Bareilly News: बरेली बवाल में बड़ी कार्रवाई: मौलाना तौकीर समेत आठ आरोपी भेजे गए जेल
बरेली में 26 सितम्बर को हुए बवाल के बाद पुलिस ने आज आरोपी मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अलग-अलग थानों में 10 मुकदमे दर्ज किए हैं। मौलाना तौकीर को बलवा कराने का आरोपी बनाया गया है। वहीं जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद अलग-अलग जगहों पर हिंसक प्रदर्शन किया। इसमें अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
बरेली में बवाल में क्यों मचा था
आई लव मोहम्मद के समर्थन में मौलाना तौकीर रजा खां के बुलावे पर 26 सितम्बर को बरेली शहर में भीड़ जुटी थी। मौलाना के नदारद रहने पर भीड़ अराजक हो गई। बवालियों ने खलील स्कूल तिराहे के पास दुकानों व वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। नावल्टी चौराहा पर पुलिस टीम पर पथराव और श्यामगंज में फायरिंग की। करीब तीन घंटे तक शहर में बवाल हुआ। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, लाठीचार्ज भी किया।

