नेपाल में राजनीतिक उठा-पटक के बीच सुशीला कार्की को देश का अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। सुशीला सरकार की तरफ से 4 मार्च को देश में आम चुनाव कराने का प्रस्ताव दिया गया है। पहली कैबिनेट बैठक का एजेंडा चुनाव की घोषणा है। मतलब 6 महीने में आम चुनाव कराने की घोषणा होगी।
काठमांडू :
नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को देश का अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल के साथ सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल की मौजूदगी में Gen-Z समूहों की बैठक में सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का प्रमुख बनी. सुशीला कार्की ने आज रात 8:45 बजे शपथ लिया।
नेपाल न्यूज के अनुसार उन्हें आज शीतल निवास (राष्ट्रपति आवास)में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी। .यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब नेपाल की राजनीति में भारी उथल-पुथल मची हुई है। इस कदम को देश में स्थिरता लाने की एक महत्वपूर्ण कोशिश माना जा रहा है। कार्की की न्यायिक पृष्ठभूमि और साफ-सुथरी छवि के कारण उनकी नियुक्ति को एक साहसिक और निर्णायक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में सुशीला कार्की के सामने कई चुनौतियां होंगी, जिसमें देश में राजनीतिक स्थिरता बहाल करना और एक निष्पक्ष माहौल में चुनाव करवाना प्रमुख है। उन्होंने पद स्वीकार करने से पहले संसद भंग करने और युवाओं का समर्थन प्राप्त करने जैसी कुछ शर्तें रखी थीं। इससे उनकी नियुक्ति के पीछे एक मजबूत जनाधार होने का संकेत मिलता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से देश की राजनीतिक दिशा में एक सकारात्मक बदलाव आ सकता है, खासकर न्याय और पारदर्शिता के मामले में।

