‘संस्कार भारती’ द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित सामूहिक सूर्य अर्घ्य के साथ होगा भारतीय नववर्ष का स्वागत

नई दिल्ली।
डॉ. निशा सिंह:

संस्कार भारती, दिल्ली प्रांत ने आज ‘कला संकुल'” दीन दयाल उपाध्याय मार्ग में संवाददाता सम्मेलन कर आगामी चैत्र प्रतिपदा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामूहिक अर्घ्य के साथ ‘भारतीय नववर्ष उत्सव’ की जानकारी मीडिया के साथ साझा की। इस कार्यक्रम का आयोजन वजीराबाद के यमुना तट के सूरघाट पर आगामी 9 अप्रैल को सुबह साढे पांच बजे होगा। भारतीय नववर्ष का स्वागत करने के संदर्भ में यह एक देश का सम्भवतः एकलौता कार्यक्रम है, जो प्रातः काल भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं के अनुरूप आयोजित होता है। इस वर्ष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध नृत्यांगना पद्मश्री नलिनी कमलिनी, प्रज्ञा प्रवाह राष्ट्रीय संयोजक जे नंदकुमार तथा विशिष्ट अतिथियों में सांसद मनोज तिवारी, पूर्व महापौर हर्ष मल्होत्रा, विधायक ओमप्रकाश शर्मा होंगे। समाज के विभिन्न वर्गों से बालक-महिला-पुरुष सहभागी होकर भारतीय नववर्ष का स्वागत करेंगे।

सुबह साढे पांच बजे आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं के साधकों द्वारा संगीत-नृत्य प्रस्तुतियों के साथ सामूहिक रूप से सूर्य को अर्घ्य देकर भारत और विश्व के मंगल और कल्याण की कामना की जाएगी। देश की विविधता और एकता को उजागर करते हुए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकारों में अभय सोपोरी (संतूर वादक), अभिराम परमहंस (ढोल मृदंग), गुंजन झा (गायन), नलिनी कमलिनी शिष्य मंडली (नृत्य) सहित प्रख्यात चित्रकारों द्वारा भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों की लाइव पेंटिंग मुख्य आकर्षण होगी।

संस्कार भारती, दिल्ली प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि भारतीय नववर्ष हम सबके जीवन में नई आशा और उल्लास लेकर आता है तथा इसकी शुरुआत रचनात्मकता एवं सकारात्मकता के साथ करने की हमारी पुरातन परंपरा रही है। हमारे लिए यह भी प्रसन्नता का विषय है कि भारत के हमारे सांस्कृतिक वैभव को संपूर्ण विश्व के समक्ष गौरवशाली ढंग से उभारने के प्रयास सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्कार भारती, दिल्ली प्रांत इस भारतीय सांस्कृतिक पर्व में सबको सादर आमंत्रित करती है ताकि हम अपनी सनातन परंपराओं से परिचित हों और उनके संरक्षण-संवर्धन में सहभागी बनें। कार्यक्रम की संयोजक प्रदीप गुप्ता ‘जालीवाले’ और सह-संयोजक विकास हैं।

Jetline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *