अयोध्या के सरयु नदी पर बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है रामायण क्रूज सेवा* 

न्यूज डेस्क

सरयु नदी के तट पर बसा पावन नगरी अयोध्या की भूमि पर पहुंचते ही लोगों का मन और आत्मा प्रभु श्रीराम के भक्ति में लीन हो जाता है। अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के बाद भक्तों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब रामभक्तों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है। सरयु नदी पर बहुत जल्द रामायण क्रूज सेवा शुरू किया जायेगा। पोर्ट्स,शिपिंग और वॉटरवेज मिनिस्ट्री इस नये प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने में पूरे जी-जान से जुटी है। इस प्रोजेक्ट को शुरु करने के लिए केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंत्रालय में एक मैराथन बैठक की है। राष्ट्रीय वाटरवेज संख्या 40 यानी सरयु नदी पर बहुत जल्द लग्जरी क्रूज सेवा की शुरूआत होगी। इस क्रूज सेवा को शुरू करने के पीछे उद्देश्य है कि भक्तों को क्रूज सेवा के जरिए आध्यात्मिक यात्रा कराया जाय। यह लग्जरी क्रूज पवित्र सरयु नदी के प्रसिद्ध घाटों का सैर करायेगी।

लग्जरी वॉटर क्रूज में यात्रियों को मिलेगी ये सुविधाएं

इस आलीशान क्रूज में कुल 80 सीटे होंगी। क्रूज के प्रवेश द्वार का इंटिरयर रामचरित मानस के थीम पर होगा। वैश्विक मापदंडों के मुताबिक इस क्रूज में सभी जरूरी सेफ्टी और सिक्यूरिटी फीचर्स जोड़े जायेंगे। चलते क्रूज से घाटों का दीदार करने के लिए क्रूज में लंबी और बड़ी-बड़ी शीशों की खिड़कियां लगाई जायेगी। यहीं नहीं क्रूज में यात्रियों को लजीज खाने-पीने का व्यंजन भी परोसने का पूरा इंतजाम किया जायेगा। इसके लिए क्रूज में किचन और पैंट्री सुविधाएं होगी। क्रूज में बायो टॉयलेट्स और हाइब्रिड इंजन सिस्टम लगा होगा जिससे पर्यावरण को बिल्कूल भी नुकसान नहीं होगा।

1 से 1.5 घंटे का क्रूज टूर होगा

सरयु नदी पर चलने वाले इस लग्जरी क्रूज का रामचरित मानस टूर 1 से 1.5 घंटे का होगा। यात्रा के दौरान मुसाफिरों को 45-60 मिनटों का विडियो फिल्म भी दिखाया जायेगा। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरित मानस जिसमें भगवान राम के जन्म से राज्याभिषेक तक के जीवन को दिखाया जायेगा। एक बार में यात्रियों को कुल 15 से 16 किमी तक क्रूज से सफर कराया जायेगा।इसके अलावा कई गतिविधियां भी होगी। सेल्फी कल्चर को देखते हुए रामायण पर आधारित कई सेल्फी प्वाइंट भी बनाये जायेंगे। क्रूज यात्रा करने वाले हर एक यात्री सरयु नदी के तट पर होने वाला पवित्र आरती में हिस्सा भी लेंगे।  यूपी पर्यटन विभाग के मुताबिक सलाना करीब दो करोड़ श्रद्धालु भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या पहुंचते हैं। उम्मीद की जा रही है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के बन जाने के बाद और अधिक लोग अयोध्या पहुंचेंगे।

ना सिर्फ पर्यटन बल्कि यूपी के युवाओं को भी रोजगार मिलेंगे

रामायण क्रूज टूर शुरू होने से ना सिर्फ टूरिस्ट को बढ़ावा मिलेगा बल्कि उम्मीद की जा रही है कि इससे बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। यहीं नहीं उत्तर प्रदेश को इससे बड़े पैमाने पर राजस्व की भी कमाई होगी। इस क्रूज सेवा के लिए केंद्रीय पोर्ट्स,शिपिंग और वॉटरवेज सभी जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चरल सहयोग करेगा। हालांकि इसके लिए कितना किराया होगा और एक दिन में यह क्रूज कितने फेरे लगायेगा यह अभी तक तय नहीं किया गया है।

Jetline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *