पटना : विशेष संवाददाता
New Goverment formation in Bihar:
बिहार में एनडीए को बम्पर जनादेश मिलने के बाद अब सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए बुधवार यानि 19 नवंबर को पटना में बैठक करेगी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होंगे। बैठक के बाद नेता, उपनेता और उपमुख्यमंत्रियों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसके लिए पार्टी की ओर से भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठक बुलाई गई है। पार्टी की ओर से सभी बीजेपी 89 विधायकों के साथ ही विधान पार्षदों को सूचित कर दिया गया है। अटल सभागार में होने वाली बैठक में सम्मिलित होने के लिए पार्टी की ओर से सभी 21 एमएलसी को सूचित कर दिया गया है।
पटना में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
आज 17 नवंबर को पटना में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से CM नीतीश कुमार मिले और 7वीं विधानसभा 19 नवंबर को भंग करने की सूचना दी। मुख्यमंत्री में कहा कि वे अपना इस्तीफा 19 नवंबर को देंगे। नितीश कुमार की मुलाकात के बाद शाम में आज 17 नवंबर को पटना में सम्राट चौधरी के आवास पर BJP नेताओं की बैठक हुई जिसमें सरकार गठन की तैयारियों पर चर्चा हुई।
नई सरकार में BJP-JDU के 16-16 मंत्री
नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 20 नवंबर को नई सरकार की शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी चल रही है। भाजपा, जदयू, हम के बाद पहली बार नई सरकार में चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। सबकुछ लगभग तय हो चुका है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके समेत कुल 36 मंत्री नई सरकार में मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसका फॉर्मूला तय हो चुका है। एनडीए के सभी घटक दल के नेता नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री आवास पर जाकर मिल चुके हैं। नई सरकार में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाईटेड से 16, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से दो, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

