शार्प वे न्यूज नेटवर्क ।
Iran Protests: ईरान में व्यापक हिंसक प्रदर्शन जारी है, जिसमें अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान में जारी संकट पर भारत सरकार का बड़ा बयान आया है। भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि ईरान हिंसा पर भारत की पैनी नजर है।
Iran Protests: भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया, जिसमें उन्होंने कहा, हम ईरान में हो रहे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। बता दें कि ईरान में भारतीय प्रवासियों और भारत से गए छात्रों की एक बड़ी संख्या है। विक्रम मिसरी ने कहा कि वहां लगे प्रतिबंधों के बावजूद, भारतीय दूतावास अपने छात्र समुदाय से संपर्क करने में कामयाब रहा है और वे सभी ठीक हैं। इतना ही नहीं अब तक उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है। भारतीय दूतावास ने ईरान में रहने वाले अपने सभी देशवासियों को सलाह दी है कि वे अपने घरों से बाहर न निकलें या खुद को किसी भी तरह की अशांति के बीच न फंसाएं।
देशव्यापी प्रदर्शनों के बाद भी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में – ईरान के विदेश मंत्री
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोमवार को बताया कि पूरे देश में हिंसक प्रदर्शनों पर कार्रवाई के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई है। अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डोनाल्ड ट्रंप यही चाहते हैं कि उनके देश में हिंसक प्रदर्शन हो ताकि उन्हें हस्तक्षेप करने का मौका मिल सके।
ईरान हिंसा में अब तक 544 लोगों की हो चुकी मौत
ईरान में जारी हिंसा में अब तक 544 लोगों की मौत हो चुकी है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने विदेशी राजनयिकों से बात की। कतर द्वारा वित्त पोषित अल जजीरा सैटेलाइट न्यूज नेटवर्क ने उनके बयान प्रसारित किए। बता दें कि अल जजीरा सैटेलाइट न्यूज नेटवर्क को देश में इंटरनेट बंद होने के बावजूद काम करने की अनुमति दी गई है।
ईरान में भड़की हिंसा की वजह
ईरान में जारी विरोध प्रदर्शन के पीछे सबसे बड़ा कारण रियाल की कीमत का गिरना है। रियाल की कीमत गिरने के बाद प्रदर्शन ने बड़ा रूप ले लिया। ईरानी प्रदर्शनकारी महंगाई पर नियंत्रण, रोजगार और कमजोर होती अर्थव्यवस्था को लेकर प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने लगे और देखते-देखते शुरुआती विरोध प्रदर्शन देशव्यापी होकर हिसंक रूप ले लिया।

