जम्मू : विशेष संवाददाता।
अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का पहला जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच आज 3 जून को जम्मू से रवाना हो गया है.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर बेस कैंप से जत्थे को झंडी दिखाई. इस दौरान श्रद्धालु ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयकारे लगाते रहे. जम्मू कश्मीर पुलिस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने कहा कि तीर्थयात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे केवल भगवती नगर, बटाल और नुनवान बेस कैंप से निकलने वाले निर्धारित काफिले में ही यात्रा करें। इस बार तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों की करीब 600 अतिरिक्त कंपनियों को तैनात किया गया है.
जम्मू पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कहा है कि अमरनाथ यात्रा 2025 करने वाले सभी तीर्थयात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे केवल भगवती नगर, बटाल और नुनवान बेस कैंप से निकलने वाले निर्धारित काफिले में ही यात्रा करें. पहलगाम में 22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद गंभीर सुरक्षा चिंताओं के कारण पहलगाम और बालटाल दोनों अक्षों से यात्रा मार्ग को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है.
इस बार 38 दिन तक चलने वाली यात्रा पहलगाम और बालटाल दोनों रूटों से होगी. यात्रा का समापन 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा. हर साल लाखों की तादाद में देशभर के श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन करने जाते हैं. इस साल की यात्रा के लिए अब तक 3,31,000 से अधिक श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.

