पटना :
Bihar assembly election 2025 :
Bihar polls 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बार कुढ़नी और मुजफ्फरपुर में सबसे ज्यादा 20-20 उम्मीदवार हैं। वोटिंग 6 नवंबर को होगा। इस चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू हुई थी और 17 अक्टूबर को पूरी हुई थी।
प्रथम चरण के लिए कुल 1,690 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 1,375 नामांकन वैध पाए गए। 61 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए, जिसके बाद कुल उम्मीदवारों की संख्या 1,314 रह गई है । सबसे कम 5-5 उम्मीदवार भोरे, अलौली और परबत्ता विधानसभा सीटों पर हैं। जिलेवार सूची के अनुसार, सबसे अधिक नामांकन वापसी (9) पटना से हुई, उसके बाद दरभंगा (8), बेगूसराय (7) और गोपालगंज (6) का स्थान रहा. इसके अलावा, वैशाली में 5, मुजफ्फरपुर में 4, जबकि सीवान, समस्तीपुर, नालंदा और बक्सर में 3-3 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। मधेपुरा, खगड़िया और मुंगेर में 2-2, और सहरसा, सारण, शेखपुरा और भोजपुर में एक-एक उम्मीदवार ने नाम वापस लिए. पटना जिले की 14 विधानसभा में उम्मीदवारों की आखिरी सूची के अनुसार, कुल 149 उम्मीदवार मैदान में हैं. 9 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए। पटना जिले की पालीगंज विधानसभा में सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। भागलपुर जिले की बात करें तो 7 विधानसभा सीटों के लिए 102 प्रत्याशियों ने नामांकन किया. नाथनगर विधानसभा में कुल 21 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया।
महागठबंधन में 11 सीटों में फ्रैंडली फाइट होगी
महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी, सीपीआई, सीपीएम के बीच सीट बंटवारे पर मतभेद के कारण कई सीटों पर सीधी टक्कर से चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। सीट शेयरिंग फार्मूला फाइनल नहीं होने के कारण महागठबंधन के घटक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। आरजेडी ने 143 सीटों पर, कांग्रेस ने 61 पर, सीपीआई(एमएल) ने 20 पर, सीपीआई ने 9 पर, सीपीएम ने 4 पर और वीआईपी पार्टी ने 15 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। कई सीटों पर सहयोगी दलों के बीच सीधी टक्कर होने वाली है।
महागठबंधन में सबसे बड़ा टकराव कांग्रेस और आरजेडी के बीच है। दोनों दल चार सीटों, सिकंदरा, कहलगांव, सुल्तानगंज और वैशाली, पर आमने-सामने हैं. इन सीटों पर दोनों पार्टियों के प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे महागठबंधन के वोट बैंक में बिखराव की संभावना जताई जा रही है। वीआईपी पार्टी और आरजेडी के बीच भी दो सीटों पर सीधी लड़ाई है। चैनपुर और बाबू बरही विधानसभा सीटों पर दोनों दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इसके अलावा, कांग्रेस और सीपीआई के बीच भी चार सीटों, बछवाड़ा, करगहर, बिहारशरीफ और राजापाकर पर मुकाबला है। इन टकरावों से स्पष्ट है कि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर असंतोष अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, जिससे कई क्षेत्रों में चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।
जानिए 2025 में बिहार विधान सभा कि स्थिति
बिहार विधानसभा में अभी बीजेपी के 80 विधायक हैं, आरजेडी के 77, जेडीयू के 45 और कांग्रेस के 19 विधायक हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्ससिस्ट-लेनिनिस्ट) (लिबरेशन) के 11, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के 4, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सवादी) के 2, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया के 2, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के 1 और 2 निर्दलीय विधायक हैं।
बिहार में दो चरणों में चुनाव होंगे। 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को मतगणना होगी।
पहले फेज में 18 जिलों में इन 121 सीटों पर मतदान:
पहले चरण में गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, खगड़िया, बेगुसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर यानी 18 जिलों में वोटिंग होगी।
दूसरे फेज में कुल 20 जिलों में इन 122 सीटों पर मतदान:
दूसरे फेज में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया,कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद,अरवल, रोहतास, कैमूर यानी कुल 20 जिलों में मतदान होगा।

