दिल्ली : डॉ निशा सिंह
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंच रहे बिहार के मंत्री नितिन नबीन के ग्रैंड वेलकम की तैयारी है। जे पी नड्डा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया है। नितिन नबीन बीजेपी के नए अध्यक्ष के चुनाव तक कार्यभार संभालेंगे। महज 45 साल के नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नियुक्ति से बीजेपी में खासकर युवा वर्ग में उत्साह है।
नितिन नबीन का दिल्ली पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ता स्वागत करेंगे, जिसके बाद सुबह 11 बजे वह बीजेपी मुख्यालय पहुंचेंगे। आज ही बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
जानिए कौन हैं नितिन नबीन ?
नितिन नबीन अभी बिहार सरकार में पथ निर्माण और नगर विकास मंत्री हैं। पटना के बांकीपुर सीट से 2006 उपचुनाव के बाद से लगातार 5 बार से विधानसभा चुनाव जीतते आए हैं। वह कायस्थ समाज से आते हैं और इस समय बिहार मंत्रिमंडल में कायस्थ समाज से वो इकलौते मंत्री हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी BJP के कद्दावर नेता थे। पिता के निधन के बाद नितिन नवीन उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। नितिन महज 45 साल की उम्र में बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने वाले सबसे कम उम्र के नेता बन गए हैं। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था, तब से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश की जा रही थी। नड्डा 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए थे।
नितिन नबीन के नेतृत्व में बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल का चुनाव होंगे
नितिन नबीन के नेतृत्व में ही बीजेपी बंगाल का चुनाव लड़ेगी। नितिन नबीन ही बीजेपी को असम, तमिलनाडु और केरल का चुनाव लड़वाएंगे। नितिन नबीन कायस्थ हैं, बिहार में उनकी जाति की आबादी सिर्फ़ 0.6% है। भारत में कायस्थ 0.1% से भी कम है, लेकिन पश्चिम बंगाल के कुलीन अभिजात वर्ग में कायस्थ आबादी अच्छी खासी है। बोस, बसु, घोष, मित्रा, गुहा और दत्ता सरनेम वाले लोग बंगाली भद्रलोक का हिस्सा हैं। नितिन नबीन बंगाल के भद्रलोक में बीजेपी की एंट्री कराएंगे।
बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर नितिन नबीन ने कहा कि मुझे यह मौका देने के लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व, पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय नेतृत्व में सभी को बधाई देता हूं। वहीं, उनको बधाई देते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ”नितिन नबीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें काफी संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में विधायक और मंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए बहुत मेहनत की है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे भरोसा है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले वक्त में हमारी पार्टी को मजबूती देगा। बीजेपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”

