मोतिहारी में बंद चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा : सम्राट चौधरी ,मुख्यमंत्री

Bihar CM Samrat Choudhry announced that work to build and restart the sugar mills in Motihari and Chakia will begin

Bihar CM Samrat Choudhry announced that work to build and restart the sugar mills in Motihari and Chakia will begin.

मुख्यमंत्री ने बापूधाम महोत्सव का किया शुभारंभ, पूर्वी चम्पारण जिला को 285 करोड़ रुपये की 145 विकास योजनाओं दी सौगात ।

बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय, जिसे पूर्व में पीपराकोठी में बनाने का निर्णय लिया गया था, अब आम जनता की मांग पर बरियारपुर में बनाया जाएगा।मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक पथ एवं नाला निर्माण (मरीन ड्राइव) कराया जाएगा। अरेराज मंदिर तक जानेवाली सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (National School of Drama) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिली है। NSD कैंपस के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी तथा भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी।

 

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित बापूधाम महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। यह महोत्सव 3 सितंबर तक चलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्वी चम्पारण जिले के विकास को नई गति देते हुए लगभग 285 करोड़ रुपये की लागत से 145 विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पूर्व गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने आमजनों एवं आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभियान बसेरा के अंतर्गत सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा प्रदान किया। वहीं, मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहयोग के लिए 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई।

बापूधाम महोत्सव को लेकर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बापूधाम महोत्सव के इस कार्यक्रम में आप सभी का स्वागत करता हूँ। आज पूर्वी चम्पारण जिले के लिये कई विकासात्मक योजनाओं की घोषणायें की गयी है। यहां के सांसद श्री राधामोहन सिंह जी का आज जन्मदिन है, उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें देता हूँ तथा दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूँ। श्री राधामोहन सिंह जी इस क्षेत्र के विकास के लिये लगातार हमसे सम्पर्क कर प्रयासरत रहते हैं। हम सभी को उनका मार्गदर्शन भी मिलता रहता है। बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (National School of Drama) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिली है, इसके लिये प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। NSD कैंपस के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी तथा भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। NSD कैंपस की स्थापना से बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट एवं उन्नत शोध के बेहतर अवसर मिलेंगे, उन्हें राज्य के बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सहयोग कार्यक्रम की शुरुआत आम लोगों की समस्याओं के निर्धारित समय सीमा में समाधान के उद्देश्य से की गई है। अब तक इस कार्यक्रम के माध्यम से करीब 7 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक करोड़ पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। पिछले दो महीनों में ही 35 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए निरंतर विकास कार्यों में लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बिहार में बड़ी संख्या में लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। सिंचाई के क्षेत्र में भी बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2005 तक खेती के लिए लगभग 21 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो अब बढ़कर करीब 44 लाख हेक्टेयर हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गंडक, कोसी, बागमती और गंगा नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

सरकार बाढ़ एवं जल प्रबंधन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 के चुनाव से पहले बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने तथा सरकारी नौकरियों के अवसर सृजित कर एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उत्तर बिहार में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। जीविका दीदियों को पशु सखी के रूप में गाय एवं बकरी पालन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर उन्हें दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि वे स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पी०एच०डी० करने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगभग 4,600 है, जिनमें छात्राओं की संख्या पहले काफी कम थी। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पी०एच०डी० छात्राओं को चार वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में 700 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन शिक्षकों की उपलब्धता के साथ-साथ जे०ई०ई० एवं नीट की तैयारी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। आजादी के बाद अब तक बिहार में मात्र 278 डिग्री कॉलेज थे। राज्य सरकार ने 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन की शुरुआत कराई है, जिससे विद्यार्थियों को प्रखंड स्तर पर ही डिग्री कॉलेज की शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुये कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा।

मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय, जिसे पूर्व में पीपराकोठी में बनाने का निर्णय लिया गया था, अब आम जनता की मांग पर बरियारपुर में बनाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में, जहां वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहा है, इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क का निर्माण किया जाएगा। मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से भी बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने की योजना है। बंद चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक पथ एवं नाला निर्माण (मरीन ड्राइव) कराया जाएगा। पीपरा एन0एच0-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर पथ का 17 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। शीतलपुर से रमडीहा भाया नवस्थापित / निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। अरेराज मंदिर तक जानेवाली सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोतिहारी से फायरिंग रेंज के पीछे होते हुए धनौती नदी के लेफ्ट बैंक पर मजुराहों में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय आर०सी०सी० पुल के पहुंच पथ तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट बनने जा रहा है। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो गया है। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जायेगा। पूर्वी चंपारण जिले में विकास के कई काम कराये जा रहे हैं। चिरैया में एथलेटिक्स का ट्रैक बनाया जा रहा है। लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से मोतिहारी में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, मत्स्य पालन, उद्योग, कला-संस्कृति तथा आधारभूत संरचना को व्यापक गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चंपारण से जुड़े योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। बापूधाम महोत्सव चंपारण की इसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं सांसद श्री राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी का हरितगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद डॉ० संजय जायसवाल, विधायक श्री कृष्णनंदन पासवान, विधायक श्री प्रमोद कुमार, विधायक श्री राणा रणधीर, विधायक श्री राजू तिवारी, विधायक श्री सचिन्द्र प्रसाद सिंह, विधायक श्री श्यामबाबू प्रसाद यादव, विधायक श्री श्री लालबाबू लाल प्रसाद गुप्ता, विधायक मो० फैसल रहमान, विधायक श्री राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, विधायक श्री विशाल कुमार, विधान पार्षद श्री आफाक अहमद, विधान पार्षद डॉ० खालिद अनवर, विधान पार्षद प्रो० (डॉ०) श्री वीरेन्द्र नारायण यादव, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष श्री ललन कुमार, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव श्री दीपक आनंद, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह, जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात सहित अन्य वरीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Jetline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *