Prateek Yadav Death: Mulayam singh yadav son Prateek Yadav Death in lucknow.
लखनऊ: वरिष्ठ संवाददाता
यूपी के पूर्व सीएम दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया है। वे 38 साल के थे। वे मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ पहुंची है। अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और जानकारी ली है।
लखनऊ के KGMU सूत्रों द्वारा बताया गया है कि KGMU के डॉक्टर और 4 डॉक्टर सीएमओ के यहां से पोस्टमार्टम टीम में शामिल थे। विसरा सुरक्षित किया गया है।
KGMU सिविल अस्पताल, लखनऊ के डॉक्टर ने जानकारी दी कि सुबह 6 बजे प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया। उस समय उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर्स ने उनकी जांच की और उन्हें डेड डिक्लेयर किया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आई और बॉडी को अपने कब्जे में लिया, पंचनामा किया और फिर पोस्टमार्टम के लिए KGMU मोर्चुरी भेज दिया गया। लखनऊ से बाहर होने के कारण अस्पताल में अपर्णा यादव तो नहीं दिखीं, लेकिन उनके साले अमन बिष्ट आए थे। अपर्णा यादव के घर में बच्चों और अपनी मां के साथ पति प्रतीक भी रहते थे।
सूत्रों के अनुसार तो प्रतीक यादव को लंग्स की समस्या थी। प्रतीक यादव लंबे समय से फेफड़े की बीमारी का सामना का रहे थे। उनके लंग्स में क्लॉट था और मेदांता में उनका इलाज चल रहा था। सुबह में जब हालात बिगड़े, तब प्रतीक यादव रिएक्ट नहीं कर रहे थे, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत सिविल अस्पताल से संपर्क किया। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने प्रतीक यादव की मौत पर दुख जाहिर किया और पार्टी की ओर से मांग की है कि इस मामले में उच्च स्तरीय जांच हो।
कौन हैं प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक की पत्नी अभी बीजेपी नेता हैं। अपर्णा यादव ने 2022 में समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। प्रतीक यादव इससे पहले पत्नी अपर्णा यादव से तलाक से संबंधित इंस्टाग्राम किए गए पोस्ट को लेकर चर्चा में आए थे। हालांकि, बाद में एक और पोस्ट डालकर उन्होंने रिश्ते में सब ठीक होने की बात कही थी।
कौन हैं प्रतीक यादव
अखिलेश यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह की पहली पत्नी मालती देवी के बेटे हैं। जबकि प्रतीक यादव की मां मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता हैं। साधना गुप्ता के साथ मुलायम के रिश्ते को लेकर लंबे समय तक सार्वजनिक स्पष्टता नहीं थी, लेकिन 2007 में सुप्रीम कोर्ट में दिए गए एक हलफनामे में मुलायम सिंह ने साधना गुप्ता को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर फिटनेस और रियल एस्टेट के बिजनेस में सक्रिय थे। प्रतीक ने 2011 में अपर्णा बिष्ट (अब अपर्णा यादव) से विवाह किया। अपर्णा ने समाजवादी पार्टी (SP) से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और बाद में जनवरी 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। उन्होंने 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लखनऊ छावनी क्षेत्र से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी से हार गईं।

