पटना : विशेष संवाददाता
New Goverment formation in Bihar:
बिहार में एनडीए को बम्पर जनादेश मिलने के बाद अब सरकार गठन को लेकर भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए 19 नवंबर की सुबह 10 बजे बिहार बीजेपी मुख्यालय, पटना स्थित अटल सभागार में बैठक होगी। इधर जेडीयू विधायक दल की बैठक सुबह 11 बजे सीएम आवास 1 अणे मार्ग पर होगी। इसके बाद एनडीए की बैठक बुधवार को ही दोपहर 3.30 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होगी, जिसमें नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
इसके बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलेंगे और एनडीए के अन्य सभी घटकों के समर्थन पत्र के साथ साथ, अपना इस्तीफा भी सौंपेंगे। 20 नवंबर 2025 को शपथ ग्रहण समारोह है। नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में समारोह की जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं।
नीतीश कुमार ने कब-कब ली मुख्यमंत्री पद की शपथ?
नीतीश कुमार पहली बार मार्च 2000 को बिहार के मुख्यमंत्री बने।
नीतीश कुमार ने दूसरी बार नवंबर 2005 में बिहार के सीएम के रूप में शपथ ली।
फरवरी 2015 में सीएम पद की शपथ।
नवंबर 2015 में एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
जुलाई 2017 में फिर से ली सीएम पद की शपथ।
नवंबर 2020 में सीएम पद की शपथ लेते हुए 7वीं बार बिहार की कमान संभाली।
अगस्त 2022 में 8वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
जनवरी 2024 में 9वीं बार सीएम पद की शपथ ली।
20 नवंबर 2025 को 10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए को बम्पर जनादेश मिला है। विधान सभा के 243 सीटों में एन डी ए को 202 सीटों पर जीत मिली है।
इस बार NDA में शामिल बीजेपी 101, जदयू 101 चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) 29, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM 6 और जीतन राम मांझी की पार्टी हम भी 6 सीटों पर चुनाव लड़ रही थीं। वहीं महागठबंधन में शामिल RJD 143, कांग्रेस 61, वाम दल 30 और VIP 9 सीटों पर अधिकारिक तौर से मैदान में थी। इसके अलावा कुछ सीटों पर महागठबंधन की फ्रेडली फाइट थी, जिसमें चैनपुर, करगहर, नरकटियागंज, सिकंदरा, कहलगांव और सुल्तानगंज सीटें शामिल थी।

