पटना : उमेश नारायण मिश्रा
NDA Election manifesto released for Bihar assembly election 2025:
एनडीए ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया। इस घोषणा पत्र में बिहार और बिहारियों की हालत में बदलाव करने को लेकर कई तरह का संकल्प को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आज पटना में एनडीए के सभी घटक दलों के प्रमुख नेता ने मिलकर ‘संकल्प पत्र 2025’ के नाम से घोषणा पत्र जारी किया। सीएम नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और सांसद उपेंद्र कुशवाहा, बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की मौजूदगी में जारी किए गए घोषणा पत्र को विकसित बिहार का ब्लू प्रिंट बताया गया। घोषणा पत्र जारी होते ही सीएम नीतीश कुमार, मंत्री चिराग पासवान समेत सभी वरिष्ठ नेता चले गए। इसके बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एनडीए की ओर से घोषणा पत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले पांच साल में बिहार को एक औद्योगिक हब के रूप में डेवलप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए ने युवा, महिला, गरीब, दलित, अतिपिछड़ों पर फोकस किया है। अगले पांच साल में हमलोगों ने एक करोड़ से अधिक नौकरी और रोजगार देने का संकल्प लिया है। बिहार के युवा हर कोने में जा सकें। दुनिया में जहां भी बिहार के युवा की जरूरत हो। उसके लिए हमलोग काम करेंगे। सम्राट चौधरी ने कहा कि महिला रोजगार के लिए महिलाओं को दो लाख तक की सहायता राशि एनडीए सरकार देगी। एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का काम एनडीए सरकार करेगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि हमलोगों की सरकार बनी तो हमलोग मिशन करोड़पति भी शुरू करेंगे। महिलओं को करोड़पति बनाने की दिशा में काम करेंगे। अतिपिछड़ा समाज के कामगार वर्गों को 10 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत जज की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन करेंगे जो अतिपिछड़ा समाज को मुख्य धारा में लाने के लिए काम करने का सुझाव सरकार देने का काम करेगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि देश में किसान सम्मान निधि योजना चलाया जा रहा है। अभी केंद्र सरकार किसानों को छह हजार दे रही है। अब एनडीए सरकार बिहार के किसानों को तीन हजार रुपये देगी। यानी हर साल अब किसानों को नौ हजार रुपये दिए जाएंगे। इसे कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान का नाम दिया गया है। मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे धार्मिक नगरी सीतापुरम के रूप में विकसित करेंगे। अगले पांच साल में बिहार को बाढ़ मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए फ्लड मैनेजमेंट बोर्ड की स्थापना एवं फ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल अंतर्गत नदी जोड़ परियोजना तटबंध, नहरों का शीघ्र व मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जाएगा।
18वीं बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव 6 और 11 नवंबर को होंगे। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों और दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा। इन दोनों चरणों में कुल 2616 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1085 प्रत्याशी यानी करीब 41 प्रतिशत पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।

