समस्तीपुर/बेगूसराय : विशेष संवाददाता
Bihar Chunav 2025 : प्रधानमंत्री मोदी चुनाव प्रचार के लिए आज पहली बार बिहार पहुंचे। बिहार के समस्तीपुर और बेगूसराय में रैली को सम्बोधित किया। दोनों रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश सरकार कि तारीफ की, और कहा कि नीतीश कुमार के नेत्तृत्व में बिहार चुनाव में फिर एनडीए की जीत होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस समय आप जीएसटी बचत उत्सव का भी खूब आनंद ले रहे हैं और कल से छठी मईया का महापर्व भी शुरू होने जा रहा है। समस्तीपुर का जो ये माहौल है, मिथिला का जो मूड है उसने पक्का कर दिया है कि नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर से एनडीए सरकार आएगी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल का जिक्र करते हुए कहा कि जब मोबाइल है तो बिहार को लालटेन की जरूरत नहीं है।
समस्तीपुर की रैली में पीएम बोले, बिहार को जंगलराज औरलालटेन नहीं चाहिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन समृद्धि में बदल रहा है। उन्होंने विकास कार्यों, किसान योजनाओं, युवा रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना के विकास पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने समस्तीपुर में जान सभा में कहा कि बिहार को लालटेन नहीं चाहिए। यही एनडीए सरकार है जिसने गांव-गांव इंटरनेट पहुंचाया। डाटा सस्ता कर दिया। एक जीबी डाटा एक कप चाय से महंगा नहीं है। सस्ते डाटा का फायदा नौजवानों ने उठाया। 1990-2005 के जंगलराज सरकार (लालू-राबड़ी) को दोबारा नहीं आने देने के लिए मोदी ने लोगों का आवाहन किया। समस्तीपुर में आयोजित जनसभा से पहले उन्होंने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के गांव जाकर उनको श्रद्धांजलि दी।
राजद पर प्रहार करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपको ज्यादा पता है कि ये हजारों करोड़ों के घोटाले में जमानत पर है। जो जमानत पर हैं वे जननायक की उपाधि भी चोरी कर रहे। इसे हम नहीं सहेंगे। जब नीयत साफ हो, नीतियां देशहित में हों तो जनता आशीर्वाद देती है। महाराष्ट्र, हरियााणा, गुजरात, एमपी, यूपी और उत्तराखंड में फिर से बहुमत मिला। गुजरात के सारे रिकार्ड टूट गए। ये उदाहरण बताते हैं कि यह एनडीए मतलब विकास की गारंटी। आपका उत्साह देखकर लग रहा कि बिहार में नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए जीत के सारे रिकार्ड तोड़ देगी। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के समय में जितना पैसा मिला था, उससे तीन गुना ज्यादा एनडीए सरकार ने बिहार के विकास को दिया है। मिथिला मखाना का क्षेत्र है। साथियों जहां पग-पग पोखर है, वहां पहले दूसरे राज्यों से मछली मंगानी पड़ती थी। हमने 2014 के बाद तस्वीर बदली। नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड दिया। नीतीश सरकार का अभिनंदन है मछली उत्पादन दोगुना हो गया है। कभी बाहर से आता था, आज दूसरों को भेज रहे। हमने सफलता मछली उत्पादन में पाई है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज संतोष के साथ कह सकता हूं किहमने माओवाद की कमर तोड़ दी है। बहुत जल्द पूरा देश इससे मुक्त होगा। यह मोदी की गारंटी है। साथियों, आज आपको आरजेडी और कांग्रेस की बदनीयती से सावधान करूंगा। ये लठबंधन वाले जिससे चुनाव लड़वा रहे हैं, उससे साफ है पुराना दिन लाना चाहते है। ये कट्टा, छर्रा, दोनाली की बात कर रहे हैंं। घर से उठा लेने की धमकी दे रहे। इनका प्रचार इसकी धुन पर चल रहा। हमें इनका डिब्बा गुल करना है।
बेगूसराय में पीएम बोले, विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के दूसरे चुनावी रैली में कहा कि NDA सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम जानते हैं कि जब औद्योगिकरण होगा, तो नौकरियां भी आएंगी। इसलिए हमने सबसे पहले बिहार को जंगलराज से मुक्त किया। जब बिहार में कानून का राज लौटा, तो उद्योगों के लिए भी माहौल बना। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद इसे और गति मिली। आज हमारा बेगूसराय न सिर्फ अपनी औद्योगिक पहचान वापस पा रहा है, बल्कि देश का एक बड़ा इंडस्ट्रियल हब बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। जंगलराज वालों ने सिर्फ अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया और बिहार के नौजवानों के भविष्य बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि ये बात बेगूसराय का हर घर जानता है, हर कोई महसूस करता है। हमारे श्रीबाबू ने बेगूसराय को औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए काम किया था। उनके प्रयास से यहां अनेक प्रकार के उद्योग आए। एक समय था, जब ये क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक था।
बिहार में दो चरणों में चुनाव होंगे। 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को मतगणना होगी।
पहले फेज में 18 जिलों में इन 121 सीटों पर मतदान:
पहले चरण में गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, खगड़िया, बेगुसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर यानी 18 जिलों में वोटिंग होगी।
दूसरे फेज में कुल 20 जिलों में इन 122 सीटों पर मतदान:
दूसरे फेज में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया,कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद,अरवल, रोहतास, कैमूर यानी कुल 20 जिलों में मतदान होगा।

