खेल डेस्क :
टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होने वाली है। पहला मैच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। वनडे सीरीज का पहला मैच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में रविवार को खेला जाएगा। उसके बाद अगले दो मैच एडिलेड (23 अक्टूबर) और सिडनी (25 अक्टूबर) में खेले जाएंगे। इसके बाद 29 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज शुरू होगी। टी20 का पहले मैच केनवरा में खेला जायेगा।
शुभमन गिल की कप्तानी पर सबकी निगाहें होंगी। इस साल मार्च में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के बाद रोहित और कोहली का यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच होने के कारण इस सीरीज को लेकर काफी चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि यह सीरीज इन दोनों खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर काफी महत्वपूर्ण है। यह दोनों पहले ही टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन माना जा रहा है कि वे कम से कम 2027 वनडे विश्व कप तक खेलना जारी रखना चाहते हैं।
INDIA VS AUSTRALIA ODI SHEDULE
नए कप्तान शुभमन गिल ने भी अपने बयान में साफ कहा है कि टीम को कोहली और रोहित जैसे खिलाड़ियों के अनुभव की जरूरत है। गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत के बाद कहा था, दोनों खिलाड़ियों का जो अनुभव है और भारत के लिए जितने मैच उन्होंने जिताए हैं, वैसे खिलाड़ी बहुत कम हैं। भारत की इस वनडे टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है। जहां कोहली और रोहित जैसे अनुभवी बल्लेबाजों से स्थिरता की उम्मीद है, वहीं यशस्वी जायसवाल, नितीश रेड्डी, और हर्षित राणा जैसे युवा खिलाड़ियों से आक्रामक शुरुआत की अपेक्षा रहेगी। अर्शदीप सिंह को बुमराह की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाजी का नेतृत्व करने का मौका मिल सकता है।

