पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सुपर-4 मैच में 11 रन से हराकर एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब उसका सामना 28 सितंबर यानी रविवार को भारत से खिताबी मुकाबले में होगा। गुरुवार को खेले गए सुपर-4 मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 135 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 124 रन ही बना पाई।
सुपर-4 की अंक तालिका में ग्रुप चरण में तीन में से दो मुकाबले जीतकर सुपर-4 में पहुंची पाकिस्तान टीम ने गुरुवार को एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली। इससे पहले भारतीय टीम ने बुधवार को बांग्लादेश पर 41 रन से जीत हासिल करते हुए फाइनल में प्रवेश किया था। सुपर-4 की अंक तालिका में भारत दो मैचों में चार अंक और 1.357 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है। अब उसको अपना इस चरण का आखिरी मुकाबला शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ खेलना है।
41 साल बाद भारत-पाकिस्तान का फाइनल में आमना-सामना होगा
आपक बता दें कि एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। 2016 में पहली बार यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला गया था । भारतीय क्रिकेट टीम सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम है। भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। जबकि पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार खिताब अपने नाम किया जबकि श्रीलंका ने छह बार एशिया कप जीता है। दिलचस्प बात यह है कि एशिया कप के 41 साल के इतिहास में कभी भी भारत-पाकिस्तान का फाइनल में आमना-सामना नहीं हुआ था। अब इतिहास पलटने जा रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को ऐतिहासिक फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा
एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार, 28 सितंबर को खेला जाएगा। इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में हो रहा है और भारत आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग्स में नंबर वन है। भारत टी20 में एशिया में ही नहीं बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट की नंबर वन टीम है।

