पटना : कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक पटना में 24 सितंबर को होगी। बिहार विधान सभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस सालों बाद ये बैठक बिहार में करने जा रही है।
बिहार में कांग्रेस विपक्ष महागठबंधन का हिस्सा है। चुनाव में इस बार भी राजद-कांग्रेस-बाम दल महागठबंधन के बैनर तले एनडीए से मुकाबला करने को तैयार है। इस बार भी सीधा मुकाबला होना है। हालाँकि सीटों के बंटबारे पर अभी फैसला नहीं हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री पद के नाम को लेकर कांग्रेस और राजद में अभी भी पिक्चर क्लियर नहीं है।
पटना की बैठक का क्या है एजेंडा
कई सालों बाद पटना में कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक 24 सितंबर को होने जा रही है। बैठक में कांग्रेस के देश भर के बड़े नेता शामिल होंगे। इस बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़के, सहित बड़े नेता शामिल होंगे। देश भर से कांग्रेस वर्किंग कमिटी के मेंबर्स, कांग्रेस शाषित प्रदेशों के मुख्यमंत्री सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बिहार में कांग्रेस 36 बर्ष से सत्ता से बाहर है। बीच में राजद की सरकार में कांग्रेस भी शामिल रही है, लेकिन अकेले दम पर सत्ता पाने में लाचार है। कांग्रेस आज भी बिहार में लालू-तेजस्वी के रहमोकरम पर है। 24 सितंबर को होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में इस दफे बिहार चुनाव और अन्य राज्यों में आसन्न चुनाव तथा पार्टी को मजबूती के लिए चर्चा होगी।
बिहार में चुनाव को लेकर बनेगी बड़ी रणनीति
बिहार में चुनाव प्रचार के लिए राहुल गाँधी – तेजस्वी यादव वोट अधिकार यात्रा कर चुके हैं। अब तेजस्वी यादव अलग से बिहार अधिकार यात्रा पर निकले हुए है। कांग्रेस नेताओं में असमंजस की स्थिति है। महागठबंधन में कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेगी। कांग्रेस पिछली बार 70 सीटों पर लड़ी, जिसमें मात्र 19 सीट जीत सकी थी। तेजस्वी 75 सीट जीतकर भी कांग्रेस के कम सीटें मिलने से मुख्यमंत्री नहीं बन सके थे। तब तेजस्वी ने कहा था कि कांग्रेस ने खेल बिगड़ दिया। इस दफे राजद कांग्रेस को कम सीटें देने के मूड में है। जबकि कांग्रेस इस बार बदले माहौल में ज्यादा सीटें लेने की रणनीति पर काम कर रही है। इस बार तेजस्वी यादव चाहते हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट घोषणा कर दे, ताकि वोटरों में कोई कन्फूजन नहीं रहे। बिहार अधिकार यात्रा के दौरान जहानाबाद में तेजस्वी यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री पद के नाम पर महागठबंधन में कोई कन्फूज नहीं है। कांग्रेस अभी मुख्यमंत्री पद और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में चर्चा करेगी। बिहार कांग्रेस के नेताओं से भी सलाह लिए जाएंगे।

